October 22, 2026

अरपा नदी में नहाने गए दो बच्चे लापता, गहरे पानी में जाने के बाद नहीं मिला सुराग; तलाश में जुटी पुलिस और SDRF

Share this

बिलासपुर। शहर के दयालबंद स्थित मधुबन इलाके में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब अरपा नदी में नहाने गए दो बच्चे अचानक लापता हो गए। दोनों के नदी के गहरे हिस्से में जाने के बाद उनका कोई पता नहीं चल सका। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

लापता बच्चों की पहचान मधुबन अटल आवास निवासी 12 वर्षीय आयान अंसारी और 16 वर्षीय इमरेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों दोपहर के समय मोहल्ले के पास स्थित अरपा नदी में नहाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान वे नदी के गहरे और गड्ढेनुमा हिस्से में चले गए और अचानक पानी के तेज बहाव में नजरों से ओझल हो गए।

मौके पर मौजूद लोगों ने बच्चों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग नदी किनारे पहुंच गए। सिटी कोतवाली पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर बच्चों की तलाश शुरू कराई।

गोताखोरों के पहुंचने में देरी से लोगों में नाराजगी घटना के बाद परिजन लगातार बच्चों को जल्द तलाशने की मांग करते रहे। स्थानीय लोगों ने गोताखोरों के पहुंचने में देरी को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि सूचना दिए जाने के बाद भी काफी समय तक गोताखोर मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे तलाश अभियान शुरू होने में देरी हुई।

फिलहाल पुलिस और SDRF की टीम नदी के संभावित स्थानों पर बच्चों की तलाश में जुटी हुई है। घटनास्थल पर परिजन और स्थानीय लोगों की भीड़ मौजूद है। परिवार के लोग बच्चों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

Editor in chief at  | +91 7415187590 | Website | + posts

विज्ञापन एवं समाचार प्रकाशित करवाने हेतु संपर्क करें Prabhat Chhattisgarh ( Prabhat Sonchhatra
Prabhatsonchhatra@gmail.com
https://www.prabhatchhattisgarh.in