जांजगीर-चांपा। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। ग्राम गतवा में हुए इस विवाद में तीन लोगों के साथ मारपीट की गई। घटना में गंभीर रूप से घायल 74 वर्षीय जोत राम कश्यप की मौत हो गई। मामले में पंतोरा चौकी और बलौदा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक 25 सितंबर को ग्राम गतवा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान नारायण कश्यप और राहुल कश्यप के बीच किसी बात को लेकर गाली-गलौच और मारपीट हो गई। राहुल ने इसकी जानकारी अपने पिता रोहित कश्यप को दी। रोहित मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन उनके साथ भी मारपीट की गई।

इसके बाद रोहित, राहुल और 74 वर्षीय जोत राम कश्यप मोटरसाइकिल से घटना की शिकायत दर्ज कराने पंतोरा चौकी जा रहे थे। इसी दौरान गांव के हाईस्कूल के पास शिव कश्यप, नारायण कश्यप, संजय कश्यप और सविता कश्यप से उनका सामना हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने तीनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। शिव कश्यप पर डंडे से हमला करने, जबकि नारायण और संजय पर हाथ-मुक्के और पैर से मारपीट करने का आरोप है। वहीं सविता कश्यप द्वारा राहुल को पकड़कर मारपीट करने की बात सामने आई है।
इसी दौरान जोत राम कश्यप को जमीन पर पटक दिया गया। उनके सिर और छाती में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। विवेचना के बाद पुलिस ने शिव कुमार कश्यप, संजय कश्यप, नारायण कश्यप और सविता कश्यप को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस कार्रवाई में बलौदा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, पंतोरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक केके साहू समेत पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
विज्ञापन एवं समाचार प्रकाशित करवाने हेतु संपर्क करें Prabhat Chhattisgarh ( Prabhat Sonchhatra
Prabhatsonchhatra@gmail.com
https://www.prabhatchhattisgarh.in


More Stories
बिलासपुर प्रेस क्लब का 41वां स्थापना दिवस धूमधाम से मना, पूर्व अध्यक्षों ने साझा की संघर्ष और इतिहास की यादें
बिलासपुर में ‘लीगल माइंड्स’ कोचिंग संस्थान का शुभारंभ, न्यायिक सेवा की तैयारी करने वाले युवाओं को मिलेगा मार्गदर्शन
खाना बनाने की बात पर हुआ विवाद, 21 वर्षीय लॉ छात्रा ने कीटनाशक का सेवन किया, मौत