बिलासपुर। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में DET-2026 (Ph.D.) प्रवेश प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध बनाने की मांग को लेकर Ph.D. अभ्यर्थियों एवं छात्र प्रतिनिधियों ने कुलपति प्रो. एल.पी. पटेरिया से मुलाकात कर छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में वर्गवार शोध सीटों एवं आरक्षण रोस्टर की स्पष्टता, दावा-आपत्तियों के निराकरण की विस्तृत जानकारी एवं संशोधित उत्तर कुंजी को विश्वविद्यालय के वेबपटल पर सार्वजनिक करने, Ph.D. प्रवेश एवं शोध प्रक्रिया की पूर्व निर्धारित समय-सारणी जारी करने, Exempted Category एवं अनुदान/फेलोशिप प्राप्त अभ्यर्थियों के लिए समयबद्ध प्रवेश प्रक्रिया, गाइड एवं को-गाइड निर्धारित करने में UGC के प्रचलित मानकों का पालन तथा डिस्क्वालिफाइड अभ्यर्थियों के नाम सार्वजनिक नहीं करने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई।

अभ्यर्थियों ने बताया कि DET-2026 का परिणाम जारी होने के बाद प्राप्तांकों तथा दावा-आपत्तियों के निराकरण को लेकर अभ्यर्थियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। उनका कहना है कि परीक्षा में प्राप्त कुल आपत्तियों की संख्या, मान्य एवं अमान्य आपत्तियों का विवरण तथा मान्य आपत्तियों के आधार पर उत्तर कुंजी में किए गए संशोधनों की जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए। इससे अभ्यर्थियों के बीच उत्पन्न भ्रांतियों को दूर करने में मदद मिलेगी।
छात्र प्रतिनिधियों ने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय के वेबपटल पर वर्ष 2023 से पूर्व आयोजित Ph.D. प्रवेश परीक्षाओं से संबंधित कई जानकारियां उपलब्ध नहीं हैं। इसके कारण वर्तमान प्रवेश प्रक्रिया की पूर्व की प्रवेश प्रक्रियाओं, आरक्षण व्यवस्था, शोध सीटों के वर्गीकरण एवं निर्धारित नियमों से तुलना करना कठिन हो रहा है। उन्होंने प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ संबंधित मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग भी रखी।
कुलपति ने मांगों पर दिया सकारात्मक आश्वासन
छात्र प्रतिनिधियों के अनुसार, कुलपति प्रो. एल.पी. पटेरिया ने मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि Ph.D. प्रवेश प्रक्रिया में निर्धारित नियमों के अनुरूप आरक्षण रोस्टर का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
डिस्क्वालिफाइड अभ्यर्थियों के नाम सार्वजनिक नहीं करने की मांग पर भी सकारात्मक रुख सामने आया। छात्रों का कहना है कि नाम सार्वजनिक होने से विद्यार्थियों में अनावश्यक मानसिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसके स्थान पर रोल नंबर एवं प्राप्तांक प्रकाशित किए जाने की मांग रखी गई।
छात्र नेता सूरज सिंह राजपूत ने बताया कि दावा-आपत्तियों के संबंध में भी कुलपति की ओर से सकारात्मक आश्वासन दिया गया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ व्यापम की प्रक्रिया की तर्ज पर मान्य दावा-आपत्तियों के निराकरण तथा उनके आधार पर प्रश्नों अथवा उत्तर कुंजी में किए गए बदलाव की जानकारी विश्वविद्यालय के वेबपटल पर विधिवत प्रकाशित करने की दिशा में कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
राजपूत ने बताया कि Ph.D. प्रवेश प्रक्रिया से लेकर कोर्स वर्क, शोध कार्य, परीक्षा एवं परिणाम तक की पूर्व निर्धारित समय-सारणी जारी करने की मांग पर भी सकारात्मक सहमति बनी है। इससे शोधार्थियों का समय अनावश्यक प्रशासनिक विलंब से प्रभावित नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में Ph.D. प्रवेश प्रक्रिया लंबे समय से चल रही है। ऐसे में अभ्यर्थियों के हित में पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता बेहद जरूरी है। कुलपति ने सभी मांगों को संबंधित विभागों एवं अधिकारियों के समक्ष विचारार्थ रखने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है। छात्रों ने प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं की जांच कर यदि किसी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग भी की।
इस दौरान सूरज सिंह राजपूत, नीरज यादव, रुद्र पटेल, शिवांश शर्मा, अक्षत सहित अन्य छात्र उपस्थित रहे।
छात्रों की 6 प्रमुख मांगें
वर्गवार शोध सीटों एवं आरक्षण रोस्टर के संबंध में स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक की जाए।
दावा-आपत्तियों के विषयवार निराकरण, मान्य-अमान्य आपत्तियों, उनके परीक्षण एवं निराकरण की प्रक्रिया तथा संबंधित विशेषज्ञ/विशेषज्ञ समिति की जानकारी उपलब्ध कराई जाए और संशोधित उत्तर कुंजी वेबपटल पर प्रकाशित की जाए।
Ph.D. प्रवेश प्रक्रिया एवं शोध कार्यों के लिए पूर्व निर्धारित समय-सारणी जारी की जाए।
Exempted Category एवं अनुदान/फेलोशिप प्राप्त अभ्यर्थियों के लिए शैक्षणिक वर्ष में दो बार Ph.D. प्रवेश आयोजित करने की व्यवस्था की जाए।
गाइड एवं को-गाइड निर्धारित करते समय UGC के प्रचलित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
विद्यार्थियों में अनावश्यक मानसिक तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसलिए डिस्क्वालिफाइड अभ्यर्थियों के नाम सार्वजनिक न किए जाएं तथा आवश्यकता अनुसार रोल नंबर एवं प्राप्तांक की जानकारी दी जाए।
विज्ञापन एवं समाचार प्रकाशित करवाने हेतु संपर्क करें Prabhat Chhattisgarh ( Prabhat Sonchhatra
Prabhatsonchhatra@gmail.com
https://www.prabhatchhattisgarh.in


More Stories
बिलासपुर प्रेस क्लब का 41वां स्थापना दिवस धूमधाम से मना, पूर्व अध्यक्षों ने साझा की संघर्ष और इतिहास की यादें
बिलासपुर में ‘लीगल माइंड्स’ कोचिंग संस्थान का शुभारंभ, न्यायिक सेवा की तैयारी करने वाले युवाओं को मिलेगा मार्गदर्शन
खाना बनाने की बात पर हुआ विवाद, 21 वर्षीय लॉ छात्रा ने कीटनाशक का सेवन किया, मौत