August 25, 2026

बीएड प्रवेश में अनियमितता का आरोप, एबीवीपी ने किया प्रदर्शन

Share this

बिलासपुर। गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में सत्र 2026-27 के बीएड प्रवेश में अनियमितता और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने मंगलवार को प्रशासनिक भवन पहुंचकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी प्राध्यापक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और इस्तीफे की मांग को लेकर कुलसचिव कार्यालय में ज्ञापन सौंपा।

एबीवीपी के अनुसार मामला ओडिशा निवासी छात्र हिमांशु गंतायत से जुड़ा है। छात्र का आरोप है कि वह बीएड की स्पॉट काउंसलिंग के दौरान सुबह से शाम तक विश्वविद्यालय में मौजूद रहा, लेकिन फिजिकल वेरिफिकेशन के दौरान उसका प्रवेश रोक दिया गया। वहीं, एक अन्य छात्र का प्रवेश व्हाट्सएप के माध्यम से दस्तावेज और ऑनलाइन भुगतान प्राप्त करने के आधार पर कर लिया गया। परिषद ने इसे प्रवेश प्रक्रिया के नियमों के विपरीत बताते हुए जांच की मांग की है।

परिषद का आरोप है कि छात्र ने मौके पर इस संबंध में आपत्ति दर्ज कराई, लेकिन संबंधित शिक्षकों ने उसकी शिकायत पर ध्यान नहीं दिया। इसके बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने 24 अगस्त की रात विश्वविद्यालय परिसर में करीब 10 बजे तक धरना दिया। परिषद के मुताबिक, इसके बावजूद प्रशासन की ओर से मामले में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। मंगलवार को कार्यकर्ता दोबारा प्रशासनिक भवन पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए कार्रवाई की मांग की।

एबीवीपी गुरु घासीदास विश्वविद्यालय इकाई के अध्यक्ष तुषार साहू ने कहा कि विश्वविद्यालय जैसे शिक्षा के केंद्र में यदि व्हाट्सएप पर दस्तावेज और भुगतान लेकर प्रवेश दिया गया है तो यह गंभीर अनियमितता है। उन्होंने कहा कि स्पॉट काउंसलिंग में मौजूद छात्र को प्रवेश से वंचित कर दूसरे छात्र को अलग माध्यम से प्रवेश देने के मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। एबीवीपी ने संबंधित प्राध्यापक के खिलाफ कार्रवाई और इस्तीफे की मांग की है। परिषद ने कहा कि विद्यार्थियों के हित और प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।