August 23, 2026

अब नया बिजली कनेक्शन लेना हुआ आसान, घर बैठे करें ऑनलाइन आवेदन

Share this

बिलासपुर, 23 जुलाई 2026/उपभोक्ताओं को तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) ने नए बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है। अब उपभोक्ताओं को नए विद्युत कनेक्शन के लिए बिजली कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। वे घर बैठे ही कंपनी की वेबसाइट, मोर बिजली मोबाइल ऐप अथवा कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से आसानी से आवेदन कर सकेंगे।

1 अप्रैल 2026 से लागू इस व्यवस्था के तहत नए विद्युत कनेक्शन के सभी आवेदन ऑनलाइन स्वीकार किए जा रहे हैं। आवेदन प्राप्त होने के बाद कंपनी द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार त्वरित तकनीकी एवं प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी, जिससे उपभोक्ताओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें। कार्यपालक निदेशक श्री ए.के. अम्बस्थ ने बताया कि बिजली कंपनी उपभोक्ता सेवाओं में लगातार डिजिटल तकनीक का विस्तार कर रही है।

ऑनलाइन आवेदन व्यवस्था से न केवल समय और श्रम की बचत होगी, बल्कि पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और सुगम बनेगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से नए बिजली कनेक्शन के लिए डिजिटल माध्यमों का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने बताया कि जो उपभोक्ता स्वयं ऑनलाइन आवेदन करने में सक्षम नहीं हैं, उनके लिए वितरण केंद्र, जोन एवं उपसंभाग कार्यालयों में हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है। यहां पदस्थ अधिकारी एवं अभियंता आवेदक के मोबाइल नंबर के माध्यम से आवेदन ऑनलाइन पंजीकृत करेंगे, ताकि कोई भी उपभोक्ता इस सुविधा से वंचित न रहे।

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड की यह पहल डिजिटल गवर्नेंस, ई-सेवाओं के विस्तार और उपभोक्ता-केंद्रित कार्यसंस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे नागरिकों को तेज, सरल, पारदर्शी और भरोसेमंद सेवाएं उपलब्ध होंगी तथा सुशासन की अवधारणा को भी और अधिक मजबूती मिलेगी।

Editor in chief at  | +91 7415187590 | Website |  + posts

विज्ञापन एवं समाचार प्रकाशित करवाने हेतु संपर्क करें Prabhat Chhattisgarh ( Prabhat Sonchhatra
Prabhatsonchhatra@gmail.com
https://www.prabhatchhattisgarh.in

RECENT POSTS