August 23, 2026

छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ जिला इकाई बिलासपुर का निर्वाचन संपन्न, प्रभात सोनछत्र बने जिलाध्यक्ष

Share this

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ की जिला इकाई बिलासपुर का वर्ष 2026-27 के लिए निर्वाचन सर्वसम्मति से संपन्न हुआ। इस अवसर पर बिलासपुर स्थित सर्किट हाउस में स्वागत समारोह एवं संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनके अधिकारों, सुरक्षा, सामाजिक सम्मान तथा संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित पत्रकारों ने एकजुट होकर संगठन को जिले के प्रत्येक पत्रकार तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया।

निर्वाचन प्रक्रिया प्रदेश महासचिव शशांक दुबे, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष महेश कुमार तिवारी, प्रदेश कोषाध्यक्ष राधेश्याम कोरी, प्रदेश संगठन सचिव डॉ. संजय चक्रधारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संतोष साहू, सोमनाथ चंद्रा तथा निर्वाचन प्रभारी ओमप्रकाश साहू की उपस्थिति में शांतिपूर्ण एवं सर्वसम्मति से संपन्न हुई। सभी पदाधिकारियों ने निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से जिला कार्यकारिणी का गठन कराया।

निर्वाचन के बाद वर्ष 2026-27 के लिए नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इसमें प्रभात सोनछत्र को सर्वसम्मति से जिलाध्यक्ष, लता गुप्ता को उपाध्यक्ष, सागर सोनी को महासचिव, पुष्पा साहू को संगठन सचिव तथा नीरज साहू को कोषाध्यक्ष चुना गया। सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का उपस्थित पत्रकार साथियों ने पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर नीरज शुक्ला, जिया उल्ला खान, संतोष मिश्रा, अनुराधा राव, प्रभात राय, प्रयांशु छत्री, ओमप्रकाश साहू सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी मौजूद रहे। सभी ने संगठन की मजबूती, पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय तथा समाज में पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने पर अपने विचार व्यक्त किए।

नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष प्रभात सोनछत्र ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन द्वारा उन पर जताए गए विश्वास पर वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा, अधिकारों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए संगठन निरंतर कार्य करेगा। साथ ही जिले के प्रत्येक पत्रकार को संगठन से जोड़कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल की जाएगी। उन्होंने पत्रकारों की एकता को संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए सभी से सहयोग और सहभागिता की अपील की।

बैठक के दौरान संगठन के आगामी कार्यक्रमों, सदस्यता अभियान, पत्रकार कल्याण योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा जिला स्तर पर संगठन के विस्तार को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। सभी उपस्थित सदस्यों ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा पत्रकार हितों के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी पत्रकार साथियों का स्वागत-अभिनंदन किया गया तथा नवनिर्वाचित टीम को उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए बैठक का समापन किया गया।

Editor in chief at  | +91 7415187590 | Website |  + posts

विज्ञापन एवं समाचार प्रकाशित करवाने हेतु संपर्क करें Prabhat Chhattisgarh ( Prabhat Sonchhatra
Prabhatsonchhatra@gmail.com
https://www.prabhatchhattisgarh.in