November 9, 2026

जन्मदिन के जश्न में देर रात हुड़दंग, विरोध करने पर न्यायाधीश और परिवार से मारपीट

Share this

राजकिशोर नगर में 100 से 200 लोगों की भीड़ पर हंगामे का आरोप, न्यायाधीश की पत्नी और साले को आई चोटें; सरकंडा पुलिस ने अभय बरुआ और साथियों के खिलाफ दर्ज किया अपराध

 

बिलासपुर। न्यायधानी के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत राजकिशोर नगर में देर रात जन्मदिन के जश्न के दौरान जमकर हुड़दंग और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि तेज आवाज में नगाड़े बजाने और पटाखे फोड़ने का विरोध करने पर महासमुंद में पदस्थ एक न्यायाधीश और उनके परिजनों के साथ मारपीट की गई। घटना में न्यायाधीश की पत्नी और साले को चोटें आई हैं। पुलिस ने अभय बरुआ और उसके साथियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

45 मिनट तक चलता रहा शोर-शराबा

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, महासमुंद कुटुंब न्यायालय में पदस्थ न्यायाधीश प्रफुल्ल कुमार सोनवानी 31 अक्टूबर को पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने राजकिशोर नगर स्थित अपने ससुराल पहुंचे थे। रात करीब 11 बजे परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे, तभी तेज आवाज में नगाड़े बजने और पटाखे फूटने लगे। करीब 45 मिनट तक चले शोर से घर में मौजूद बच्चे और बुजुर्ग भी परेशान हो गए।

 

आवाज बंद कराने के लिए न्यायाधीश नीचे पहुंचे तो गली में करीब 100 से 200 लोगों की भीड़ मौजूद थी। आरोप है कि अभय बरुआ के घर के अंदर और बाहर जन्मदिन का जश्न मनाया जा रहा था।

 

विरोध करने पर परिवार को घेरकर पीटा

 

शोर बंद कराने की बात कहने पर अभय बरुआ और उसके साथियों ने कथित तौर पर विवाद शुरू कर दिया। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान न्यायाधीश की पत्नी आकांक्षा प्रफुल्ल, साले अभिषेक भारद्वाज, सास नीरा भारद्वाज और साले की पत्नी गुरप्रीत कौर भारद्वाज भी बीच-बचाव के लिए पहुंचे। आरोप है कि भीड़ ने उन्हें भी घेरकर हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस दौरान न्यायाधीश की शर्ट का बटन टूट गया और उनकी पत्नी व साले का चश्मा भी निकाल लिया गया।

 

पत्नी और साले को आई चोटें, पुलिस ने दर्ज किया केस

 

मारपीट में आकांक्षा प्रफुल्ल के दाहिने हाथ के पास चोट आई, जबकि अभिषेक भारद्वाज के सिर, सीने और गले में चोट लगने की शिकायत की गई है।

 

प्रार्थी की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने अभय बरुआ और उसके अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

RECENT POSTS