October 22, 2026

एनटीपीसी में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 2.13 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

Share this

बिलासपुर। एनटीपीसी में नौकरी लगवाने और नेताओं से ऊंची पहुंच होने का झांसा देकर बेरोजगार युवकों से रुपये ऐंठने के मामले में मोपका पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पांच युवकों से नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 2.13 लाख रुपये लिए थे। इतना ही नहीं, उसने युवकों के शैक्षणिक प्रमाण पत्र भी अपने पास रख लिए थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

मोपका चौकी पुलिस के अनुसार, लगरा निवासी रथ लाल लहरी ने 14 सितंबर को लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह 12वीं और आईटीआई तक पढ़ा है। वर्ष 2025 में गांव के ही सुमित केंवट (28 वर्ष) ने उससे कहा कि नेताओं से उसकी अच्छी जान-पहचान है और वह एनटीपीसी में उसकी नौकरी लगवा देगा। इसके लिए तत्काल 50 हजार रुपये की जरूरत बताई गई। भरोसे में आकर रथ लाल ने 34 हजार रुपये फोन-पे के जरिए दे दिए और अपने आईटीआई व स्कूल के प्रमाण पत्र भी आरोपी को सौंप दिए।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने अन्य युवकों से भी नौकरी लगाने के नाम पर रकम ली थी। इनमें फरहदा निवासी विमल केवट से 65 हजार, कंचनपुर निवासी ईश्वर केवट से 50 हजार, संजय केवट से 40 हजार और लगरा निवासी सूर्य प्रकाश केवट से 24 हजार रुपये लेना सामने आया।

शिकायत के आधार पर मोपका चौकी पुलिस ने अपराध क्रमांक 1322/26 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने ठगी करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Editor in chief at  | +91 7415187590 | Website | + posts

विज्ञापन एवं समाचार प्रकाशित करवाने हेतु संपर्क करें Prabhat Chhattisgarh ( Prabhat Sonchhatra
Prabhatsonchhatra@gmail.com
https://www.prabhatchhattisgarh.in