October 22, 2026

बिलासपुर में दिखी इंसानियत की मिसाल, सर्व समाज के युवाओं ने किया रक्तदान

Share this

बिलासपुर। जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने के उद्देश्य से बिलासपुर में सर्व समाज के युवाओं ने मानवता की मिसाल पेश की। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की छत्तीसगढ़ इकाई की ओर से बुधवार को टिकरापारा स्थित गुजराती समाज भवन में सर्व समाज रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में अलग-अलग समाजों के युवाओं और नागरिकों ने उत्साह के साथ रक्तदान किया।

शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ युवाओं को नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित करना रहा। इस दौरान ‘रक्तदान-महादान-जीवनदान’ का संदेश दिया गया।

 

अतिथियों ने बढ़ाया रक्तदाताओं का हौसला

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल मौजूद रहे। समाजसेविका पूजा विधानी और अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष राम अवतार अग्रवाल भी कार्यक्रम में शामिल हुए। अतिथियों ने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और सर्व समाज को जोड़कर किए जा रहे इस सेवा कार्य की सराहना की।

 

युवाओं ने बढ़-चढ़कर निभाई जिम्मेदारी

 

शिविर में युवाओं की भागीदारी खास आकर्षण रही। विभिन्न समाजों से जुड़े युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंदों की मदद का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है और एक यूनिट रक्त किसी व्यक्ति की जान बचाने में अहम भूमिका निभा सकता है।

 

अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन छत्तीसगढ़ इकाई यूथ के सचिव दीपक अग्रवाल ने कहा कि शिविर का उद्देश्य सिर्फ रक्त संग्रह करना नहीं, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ रहने की स्थिति में नियमित रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।

 

शिविर में रिशभ शर्मा, कैलाश मिल एंड हार्डवेयर स्टोर के संचालक, गांधी चौक और बाला ठाकुर, चिंगराजपारा, सरकंडा समेत कई युवाओं और नागरिकों ने रक्तदान किया। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों और सहयोगियों का आभार जताया।

Editor in chief at  | +91 7415187590 | Website | + posts

विज्ञापन एवं समाचार प्रकाशित करवाने हेतु संपर्क करें Prabhat Chhattisgarh ( Prabhat Sonchhatra
Prabhatsonchhatra@gmail.com
https://www.prabhatchhattisgarh.in