बिलासपुर/रतनपुर – चलती बस में महिला के गले से सोने की चेन झपटने के मामले में रतनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात महिलाओं समेत नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 हजार रुपए बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने संगठित तरीके से बसों में यात्रियों को निशाना बनाकर झपटमारी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार बांकीमोंगरा निवासी भगवान राम प्रधान ने 11 अगस्त को रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 2 अगस्त को वह अपनी पत्नी गीता प्रधान के साथ बिलासपुर गए थे। वापसी के दौरान दोनों नेहरू चौक बिलासपुर से बस में सवार होकर बांकीमोंगरा जा रहे थे। गीता प्रधान के गले में सोने की चेन थी।
महामाया चौक के पास कुछ महिलाएं बस में सवार हुईं। भीड़ अधिक होने के कारण दंपती को सीट नहीं मिली और वे खड़े होकर सफर कर रहे थे। शनिचरी चौक रतनपुर के पास महिलाओं ने धक्का-मुक्की करते हुए गीता प्रधान को घेर लिया। कुछ देर बाद महिलाएं बस से उतर गईं। बस खाली होने पर जब गीता प्रधान सीट पर बैठीं तो उन्हें गले में पहनी सोने की चेन गायब मिली।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर रतनपुर पुलिस ने शनिचरी चौक रतनपुर और महामाया चौक बिलासपुर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान कोनकोना, थाना बांगो क्षेत्र की रहने वाली के रूप में हुई।
इसके बाद रतनपुर पुलिस टीम ने कोनकोना में घेराबंदी कर सात महिलाओं और दो पुरुषों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक राय होकर बस में सवार महिला के गले से चेन झपटने की नीयत से धक्का-मुक्की कर रहे थे। इसी दौरान मौका पाकर चेन चोरी कर ली गई।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने चेन को 20 हजार रुपए में अपने ग्रुप की एक अन्य महिला सुरतनी गिरी, निवासी रामनगर, थाना कुसमी को देने की बात बताई। आरोपियों के अनुसार चेन की रकम में से 12 हजार रुपए खर्च किए जा चुके हैं।
पहले भी जेल जा चुके हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ पूर्व में भी उठाईगिरी और झपटमारी के मामलों में जेल जा चुके हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंजली गिरी, लोहारिन बाई, सुनीता गिरी, रामबाई, प्रीति गिरी, शिवानी गिरी, देवी गिरी, नरेश गिरी और राम गिरी के रूप में हुई है। सभी कोनकोना ठिहईभाठा, थाना बांगो, जिला कोरबा के निवासी बताए गए हैं।
मामले में फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस द्वारा चेन की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
विज्ञापन एवं समाचार प्रकाशित करवाने हेतु संपर्क करें Prabhat Chhattisgarh ( Prabhat Sonchhatra
Prabhatsonchhatra@gmail.com
https://www.prabhatchhattisgarh.in



More Stories
पदोन्नति,पदस्थापना से लेकर अनुकंपा नियुक्ति और अटैचमेंट तक के मामलों में अभिलेखों की जांच की मांग; संयुक्त संचालक से व्यक्तिगत मुलाकात के बाद अंकित गौरहा ने सौंपा विस्तृत पत्र
पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज राम गोपाल गर्ग ने सक्ती जिले का किया प्रवास, पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं थाना डभरा का किया निरीक्षण
एसबीआई बैंक के पीछे जुए की महफिल पर पुलिस का छापा, सात जुआरी गिरफ्तार