August 23, 2026

48 घंटे में मंदिर चोरी का खुलासा: तीन आरोपी और एक नाबालिग पकड़ाए, 16.60 लाख का माल बरामद

Share this

बिलासपुर। जिले के तीन प्रमुख मंदिरों में हुई लाखों रुपये की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। साइबर टीम और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों और एक विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालक को पकड़ते हुए चोरी गया शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से चांदी के छत्र, मुकुट, चक्र, सोने के आभूषण, दान पेटी से चोरी की गई नकदी सहित कुल 16 लाख 60 हजार रुपये का माल, घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक कटर और मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार 1-2 अगस्त की दरम्यानी रात बम्हनीडीह के रामजानकी मंदिर, नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम महत स्थित चंडी दाई मंदिर तथा ग्राम जगमहंत के बद्री विशाल मंदिर में चोरी की वारदात हुई थी। चंडी दाई मंदिर से नौ देवियों के चांदी के मुकुट, सोने के आभूषण और दान पेटी चोरी कर ली गई थी, जबकि अन्य दोनों मंदिरों से चांदी के छत्र पार कर दिए गए थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय स्वयं मौके पर पहुंचे और साइबर थाना, नवागढ़ तथा बम्हनीडीह पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडन यार्क के मार्गदर्शन में गठित टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर चार युवकों की गतिविधियां सामने आईं। साइबर तकनीक और मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपी पहले पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का पूरा सामान प्रशांत पटेल के घर के पीछे गड्ढे से बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में प्रशांत पटेल (23), प्रभात पटेल (18) और परमानंद पटेल (25), सभी निवासी ग्राम घुटिया थाना पामगढ़ शामिल हैं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी लाखों रुपये के कर्ज में डूबे हुए थे। कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने पहले मंदिरों की रेकी की और फिर योजनाबद्ध तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

इस पूरे मामले के खुलासे में साइबर थाना, नवागढ़ और बम्हनीडीह पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Editor in chief at  | +91 7415187590 | Website |  + posts

विज्ञापन एवं समाचार प्रकाशित करवाने हेतु संपर्क करें Prabhat Chhattisgarh ( Prabhat Sonchhatra
Prabhatsonchhatra@gmail.com
https://www.prabhatchhattisgarh.in

RECENT POSTS