August 23, 2026

बिलासपुर सेंट्रल जेल में डबल मर्डर के सजायाफ्ता कैदी ने जलती गैसीफायर भट्ठी में लगाई छलांग, दर्दनाक मौत

Share this

हाई सिक्योरिटी जेल की सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल, 40 दिन में पांचवीं मौत; कलेक्टर-एसएसपी पहुंचे, न्यायिक व मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

बिलासपुर –  प्रदेश की सबसे बड़ी हाई सिक्योरिटी मानी जाने वाली बिलासपुर सेंट्रल जेल में बुधवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई। डबल मर्डर के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे बंदी राहुल उर्फ विकेश कंवर (46) ने जेल परिसर में संचालित गैसीफायर प्लांट की जलती भट्ठी में छलांग लगाकर जान दे दी। घटना से जेल परिसर में हड़कंप मच गया। जेल प्रशासन ने तत्काल सायरन बजाकर आपात स्थिति घोषित की और पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी।

मृतक जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह का निवासी था और वर्ष 2016 से डबल मर्डर के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। जानकारी के अनुसार शाम करीब 4 बजे गैसीफायर प्लांट में भोजन तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान बंदी अचानक दौड़ते हुए भट्ठी में कूद गया। जेलकर्मियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, एफएसएल टीम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।

इस घटना के बाद हाई सिक्योरिटी जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जांच का विषय यह भी है कि बंदी गैसीफायर प्लांट तक कैसे पहुंचा और सुरक्षा कर्मी उसे रोकने में क्यों विफल रहे।

बताया जा रहा है कि पिछले 40 दिनों में बिलासपुर सेंट्रल जेल के भीतर यह पांचवीं मौत है। इससे पहले भी संदिग्ध मौत, आपसी मारपीट, मोबाइल और नशीले पदार्थों की बरामदगी जैसे मामलों को लेकर जेल प्रशासन सवालों के घेरे में रहा है।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मामले की विस्तृत जांच कराने की बात कही है। वहीं एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी ने कहा कि मामले की न्यायिक व मजिस्ट्रियल जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Editor in chief at  | +91 7415187590 | Website |  + posts

विज्ञापन एवं समाचार प्रकाशित करवाने हेतु संपर्क करें Prabhat Chhattisgarh ( Prabhat Sonchhatra
Prabhatsonchhatra@gmail.com
https://www.prabhatchhattisgarh.in

RECENT POSTS