August 23, 2026

साइबर ठगी की रकम से खरीदे सोने के सिक्के, ज्वेलर्स को लगाया लाखों का चूना; तीन आरोपी गिरफ्तार

Share this

रायपुर – राजधानी रायपुर में साइबर ठगी की रकम को खपाने का एक नया तरीका सामने आया है। साइबर अपराधियों ने ठगी से हासिल रकम का इस्तेमाल कर यूपीआई के जरिए ज्वेलर्स से सोने के सिक्के खरीदे, लेकिन बैंक जांच में रकम साइबर फ्रॉड से जुड़ी मिलने पर पूरा मामला उजागर हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये के सोने के सिक्के बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने टिकरापारा स्थित श्री ओम शांति ज्वेलर्स और अजय ज्वेलर्स से JAGDAMBA TC नामक यूपीआई आईडी के माध्यम से भुगतान कर सोने के सिक्के खरीदे थे। बाद में बैंक द्वारा जांच करने पर पता चला कि भुगतान की गई राशि साइबर ठगी से संबंधित थी, जिसे तत्काल फ्रीज कर दिया गया। इसके बाद ज्वेलर्स की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की।

पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त पश्चिम रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मनजीत मंडल, शाहिल नेताम और आयुष साहू को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 ग्राम वजन के सोने के सिक्के, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹1.80 लाख है, जब्त किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क के संकेत मिले हैं। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और पूरे गिरोह की भूमिका की जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधी अब ठगी की रकम को वैध दिखाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे मामलों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच जारी है।

Editor in chief at  | +91 7415187590 | Website |  + posts

विज्ञापन एवं समाचार प्रकाशित करवाने हेतु संपर्क करें Prabhat Chhattisgarh ( Prabhat Sonchhatra
Prabhatsonchhatra@gmail.com
https://www.prabhatchhattisgarh.in

RECENT POSTS