August 23, 2026

खपरी नाला के पास पेड़ पर फांसी पर लटका मिला 19 वर्षीय युवक का शव, कारणों की जांच में जुटी पुलिस

Share this

बिलासपुर। बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कोकड़ी के आश्रित ग्राम खपरी में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब खपरी नाला के पास एक पेड़ पर 19 वर्षीय युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी जानकारी पचपेड़ी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मृतक की पहचान आनंद कुमार ध्रुव (19 वर्ष), पिता बिसराजन ध्रुव, निवासी ग्राम खपरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह कुछ ग्रामीण नाला की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ पर लटके युवक के शव पर पड़ी। यह दृश्य देखकर ग्रामीण स्तब्ध रह गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पेड़ से नीचे उतरवाया तथा पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन युवक द्वारा यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया गया, इसका फिलहाल कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर ने बताया कि मृतक के परिजनों एवं ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही युवक की गतिविधियों, पारिवारिक परिस्थितियों और अन्य संभावित कारणों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। यदि कोई सुसाइड नोट या अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलते हैं तो उन्हें भी जांच में शामिल किया जाएगा।

घटना के बाद मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए। हर कोई यह जानना चाहता है कि आखिर इतनी कम उम्र में युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मामला केवल आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी जिम्मेदार है।

पचपेड़ी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घटना को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाएं और यदि किसी के पास मामले से संबंधित कोई महत्वपूर्ण जानकारी हो तो वह पुलिस को अवश्य उपलब्ध कराए, ताकि जांच निष्पक्ष और शीघ्र पूरी की जा सके।

Editor in chief at  | +91 7415187590 | Website |  + posts

विज्ञापन एवं समाचार प्रकाशित करवाने हेतु संपर्क करें Prabhat Chhattisgarh ( Prabhat Sonchhatra
Prabhatsonchhatra@gmail.com
https://www.prabhatchhattisgarh.in

RECENT POSTS