August 23, 2026

वर्षा प्रभावितों के लिए उचित मुआवजे की घोषणा करे सरकार: त्रिलोक चंद्र श्रीवास

Share this

बिलासपुर। बिलासपुर जिले सहित बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में पिछले चार-पांच दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई वार्डों और दर्जनों गांवों में जलभराव, मकानों के क्षतिग्रस्त होने, फसलों के नुकसान तथा पशुधन प्रभावित होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक तथा जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक-3 बिलासपुर के मार्गदर्शक त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने राज्य सरकार से वर्षा प्रभावित परिवारों के लिए व्यापक सर्वे कराकर उचित मुआवजे की घोषणा करने की मांग की है।

श्री त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने कहा कि लगातार हो रही बारिश से बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों वार्डों और गांवों के साथ-साथ बिलासपुर महानगर के हजारों परिवार प्रभावित हुए हैं। अनेक लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं, कई परिवारों के सामने भोजन और आवश्यक सुविधाओं का संकट उत्पन्न हो गया है। खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद हो रही हैं और पशुधन को भी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों और आम नागरिकों की आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ा है।

उन्होंने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा का सबसे अधिक प्रभाव निम्न वर्गीय और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ा है। इन परिवारों की आर्थिक रीढ़ टूट चुकी है और वे अपने नुकसान की भरपाई करने में सक्षम नहीं हैं। ऐसे समय में राज्य सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराना चाहिए तथा वास्तविक नुकसान का आकलन कर पर्याप्त मुआवजा उपलब्ध कराना चाहिए।

श्री श्रीवास ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय सरकार की भूमिका केवल प्रशासनिक नहीं बल्कि एक अभिभावक की भी होती है। ऐसे संकट की घड़ी में सरकार का नैतिक दायित्व है कि वह प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी रहे और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करे, ताकि वे सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।

उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि प्रभावित लोगों को राहत सामग्री, भोजन, पेयजल, अस्थायी आवास तथा आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए। साथ ही जिन किसानों की फसलें और पशुधन प्रभावित हुए हैं, उन्हें भी विशेष राहत पैकेज दिया जाए।

त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार वर्षा प्रभावित परिवारों की पीड़ा को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र व्यापक सर्वे कराकर उचित मुआवजे और राहत पैकेज की घोषणा करेगी, जिससे प्रभावित लोगों को राहत मिल सके और वे इस कठिन परिस्थिति से उबर सकें।

Editor in chief at  | +91 7415187590 | Website |  + posts

विज्ञापन एवं समाचार प्रकाशित करवाने हेतु संपर्क करें Prabhat Chhattisgarh ( Prabhat Sonchhatra
Prabhatsonchhatra@gmail.com
https://www.prabhatchhattisgarh.in

RECENT POSTS