August 23, 2026

कीचड़ में तब्दील सड़क से ग्रामीण बेहाल, विद्यार्थियों की पढ़ाई पर संकट; कोरमी के दैहान मोहल्ला में सड़क निर्माण की मांग तेज

Share this

बिलासपुर, ग्राम पंचायत कोरमी के दैहान मोहल्ला में लगातार हो रही बारिश ने ग्रामीणों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। करीब दो किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों, पंचायत कर्मियों और जरूरतमंद लोगों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को रोजाना जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द पक्की सड़क निर्माण कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि दैहान मोहल्ला की यह सड़क वर्षों से जर्जर अवस्था में है, लेकिन अब लगातार बारिश के कारण हालात और भी खराब हो गए हैं। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और कीचड़ होने से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। दोपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलकर गिर रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।

सबसे अधिक परेशानी स्कूल और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को हो रही है। उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए बच्चों को प्रतिदिन इसी मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है। कीचड़ और फिसलन के कारण कई छात्र-छात्राएं रास्ते में गिर जाते हैं, जिससे उनकी स्कूल ड्रेस और किताबें गंदी हो जाती हैं। कई बार गंदे कपड़ों के कारण उन्हें विद्यालय में प्रवेश करने में भी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। अभिभावकों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति बच्चों की पढ़ाई पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया है। पक्की सड़क निर्माण की मांग भी कई बार की जा चुकी है, लेकिन आज तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। लोगों का कहना है कि केवल आश्वासन मिलते हैं, जबकि जमीनी स्तर पर कोई कार्य दिखाई नहीं देता।

सड़क खराब होने का असर सरकारी योजनाओं पर भी पड़ रहा है। रहवासियों के अनुसार सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले शासकीय राशन की गाड़ियां भी दैहान मोहल्ला तक आसानी से नहीं पहुंच पातीं। इससे हितग्राहियों को समय पर चावल और अन्य आवश्यक खाद्यान्न मिलने में परेशानी होती है। इसके अलावा मरीजों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को अस्पताल पहुंचाने में भी गंभीर दिक्कतें आती हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। उनका सवाल है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी किसी गंभीर दुर्घटना का इंतजार कर रहे हैं, या फिर जनहित को देखते हुए शीघ्र सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा?

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि दैहान मोहल्ला की इस जर्जर सड़क का तत्काल निरीक्षण कराकर पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों, ग्रामीणों और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। अब सभी की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि लोगों की वर्षों पुरानी इस समस्या का समाधान कब तक हो पाता है।

Editor in chief at  | +91 7415187590 | Website |  + posts

विज्ञापन एवं समाचार प्रकाशित करवाने हेतु संपर्क करें Prabhat Chhattisgarh ( Prabhat Sonchhatra
Prabhatsonchhatra@gmail.com
https://www.prabhatchhattisgarh.in

RECENT POSTS