June 24, 2026

सेंट जेवियर स्कूल प्रकरण को लेकर फूटा जनाक्रोश, सर्वसेन समाज ने किया कलेक्ट्रेट घेराव

Share this

बिलासपुर। सिरगिट्टी स्थित सेंट जेवियर स्कूल में एक नाबालिग छात्रा के साथ स्कूल के एक शिक्षक द्वारा दुष्कर्म एवं लंबे समय तक शोषण किए जाने के आरोपों को लेकर मंगलवार को व्यापक जनाक्रोश देखने को मिला। सर्वसेन समाज छत्तीसगढ़ के प्रांत अध्यक्ष त्रिलोक चंद्र श्रीवास के नेतृत्व में सर्वसेन समाज एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के हजारों महिला-पुरुषों ने बिलासपुर कलेक्ट्रेट का घेराव कर राष्ट्रपति एवं राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में आरोपित शिक्षक के विरुद्ध कठोरतम दंड, मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच, घटना की जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं करने वाले अन्य जिम्मेदार लोगों पर कानूनी कार्रवाई तथा संबंधित स्कूल के संचालन पर आवश्यक निर्णय लेने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने मामले में त्वरित न्याय की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवाज बुलंद की।

इस दौरान सर्वसेन समाज के प्रांत अध्यक्ष त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने कहा कि यह मामला पूरे समाज की संवेदनाओं से जुड़ा हुआ है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि संबंधित संस्थान एवं अन्य आरोपित व्यक्तियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर 10 दिनों के भीतर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो सर्वसेन समाज पूरे प्रदेश में व्यापक जन आंदोलन करेगा।

प्रदर्शन में जिले एवं संभाग से बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। कांग्रेस नेता महेश दुबे, संभागीय अध्यक्ष सुरेंद्र श्रीवास, चंद्रमणि श्रीवास, संतोष श्रीवास, सुमित श्रीवास, बसंत श्रीवास, प्रदेश महासचिव राजू श्रीवास, डॉ. राजीव श्रीवास, राजकुमार श्रीवास, गोरेलाल श्रीवास, बबलू श्रीवास, नारायण श्रीवास, दलहरण श्रीवास, आशीष श्रीवास, मणिशंकर श्रीवास, शुभम श्रीवास, नवीन श्रीवास, रोशन श्रीवास, बालमुकुंद श्रीवास, आनंद श्रीवास, विकास श्रीवास, मुकेश श्रीवास, दीपक श्रीवास, घासीराम श्रीवास सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

प्रदर्शन के उपरांत बिलासपुर के प्रभारी कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अब सभी की निगाहें प्रशासनिक जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।