August 23, 2026

बिलासपुर सेंट्रल जेल में खूनी वारदात: विचाराधीन कैदी की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या

Share this

बिलासपुर- सेंट्रल जेल बिलासपुर में मंगलवार सुबह 9:32 बजे एक सनसनीखेज वारदात में विचाराधीन कैदी की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान नीलू जगत (27) पिता देवलाल, निवासी ग्राम दमनपुर, कोटा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। वह पॉक्सो मामले में 3 नवंबर 2024 से जेल में बंद था।

जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी ने बताया कि घटना ई-1 बैरक में हुई, जहां मानसिक रूप से असामान्य और मनोचिकित्सकीय उपचार प्राप्त कर रहे कैदियों को रखा जाता है।

 

सुबह नीलू जगत बैरक में सो रहा था, जबकि आसपास कुछ कैदी लूडो खेल रहे थे। इसी दौरान आरोपी कैदी राजेश राय (40) पिता हरि राय, निवासी ग्राम चमारी, जिला मुंगेली ने नाली के स्लैब को पैर से तोड़कर उसके टुकड़े से नीलू के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। सुबह बैरक में 250 से अधिक कैदी मौजूद थे। हमले के बाद बैरक में अफरा-तफरी मच गई। जेलकर्मियों और अन्य कैदियों ने हस्तक्षेप कर आरोपी को काबू किया। गंभीर रूप से घायल नीलू को तत्काल सिम्स मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां वेंटिलेटर पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोपी राजेश राय तीन हत्या और दो हत्या के प्रयास के मामलों में दोषसिद्ध है तथा 21 नवंबर 2008 से बिलासपुर जेल में बंद है। उसके पिता और भाई भी जेल में बंद थे। भाई सुरेश कुमार को अच्छे आचरण के आधार पर वर्ष 2025 में रिहा किया गया था। राजेश ने भी सजा माफी के लिए आवेदन किया था, जिसे शासन ने 17 जून 2026 को खारिज कर दिया था। जेल अधीक्षक के अनुसार आरोपी डिप्रेशन से पीड़ित था और उसका मनोचिकित्सकीय उपचार चल रहा था। आरोपी का पिता वर्तमान में बीमार होने के कारण अस्पताल में भर्ती है। मामले की जांच जारी है।

Editor in chief at  | +91 7415187590 | Website |  + posts

विज्ञापन एवं समाचार प्रकाशित करवाने हेतु संपर्क करें Prabhat Chhattisgarh ( Prabhat Sonchhatra
Prabhatsonchhatra@gmail.com
https://www.prabhatchhattisgarh.in