June 24, 2026

नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म मामले पर सेन समाज में भारी आक्रोश, दोषी को फांसी और स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग

Share this

बिलासपुर। सिरगिट्टी स्थित सेंट जेवियर स्कूल में एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित रूप से लंबे समय तक हुए शारीरिक शोषण की घटना को लेकर सर्व सेन समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार को श्रीवास धर्मशाला, बिलासपुर में सर्व सेन समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें समाज के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में समाजजनों ने भाग लिया।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस जघन्य अपराध के दोषी शिक्षक के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई करते हुए फांसी की सजा की मांग की जाएगी। साथ ही, घटना की जानकारी होने के बावजूद उचित कार्रवाई नहीं करने वाले स्कूल के प्राचार्य, संबंधित शिक्षकों एवं प्रबंधन के खिलाफ भी जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी।

समाज के प्रतिनिधियों ने घोषणा की कि मंगलवार, 23 जून को नेहरू चौक से विशाल रैली निकाली जाएगी। रैली के माध्यम से जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी।

बैठक को संबोधित करते हुए सर्व सेन समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने कहा कि बेटी किसी भी समाज या परिवार की हो, वह पूरे समाज की बेटी होती है। शिक्षा के मंदिर में इस प्रकार की शर्मनाक घटना अत्यंत निंदनीय और अक्षम्य अपराध है। उन्होंने कहा कि यदि स्कूल प्रबंधन को घटना की जानकारी थी और उसके बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो यह गंभीर लापरवाही है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि समाज पीड़ित छात्रा को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा और दोषियों को कठोरतम दंड दिलाने तक आंदोलन जारी रहेगा।

बैठक में संभागीय अध्यक्ष सुरेंद्र श्रीवास, प्रदेश महासचिव राजू श्रीवास, बलदाऊ श्रीवास, राजकुमार श्रीवास, व्यावसायिक संघ के संभागीय अध्यक्ष बबलू श्रीवास, संभागीय सचिव चंद्रमणि श्रीवास, लक्ष्मी श्रीवास, रवि श्रीवास, नरेंद्र श्रीवास, मणिशंकर श्रीवास, रमेश श्रीवास, शुभम श्रीवास, बनाऊ राम श्रीवास, आशीष श्रीवास्तव, सोनू श्रीवास, प्रभात श्रीवास, प्रदीप श्रीवास, मोहन श्रीवास, पार्षद मनोहर श्रीवास, ईश्वर श्रीवास, आनंद श्रीवास, संतोष श्रीवास सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।