June 24, 2026

कोनी-बिरकोना मार्ग पर स्ट्रीट लाइट सहित विभिन्न जनहित मांगों को लेकर त्रिलोक श्रीवास ने निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

Share this

बिलासपुर। कांग्रेस नेता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने अपने सहयोगियों के साथ बिलासपुर नगर पालिका निगम के आयुक्त श्री प्रकाश सर्वे (आईएएस) से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान हेतु ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कोनी-बिरकोना-रमतला मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने, अशोक नगर में निर्माणाधीन सड़क का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने, जर्जर सड़कों की मरम्मत, पेयजल व्यवस्था सुधारने तथा वार्ड क्रमांक 68 के स्वामी रामकृष्ण परमहंस नगर अंतर्गत बड़ी कोनी में आंगनबाड़ी के पास पचरी एवं रिटेनिंग वॉल निर्माण जैसी महत्वपूर्ण मांगें शामिल थीं।

त्रिलोक श्रीवास ने आयुक्त को बताया कि कोनी-बिरकोना-रमतला मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व लूटपाट जैसी घटनाओं को भी अंजाम देते हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों में भय का वातावरण बना रहता है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगने से दुर्घटनाओं और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगेगी तथा लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

इसके अलावा उन्होंने बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न वार्डों से जुड़ी जनकल्याणकारी समस्याओं और विकास कार्यों की मांगों को भी निगम आयुक्त के समक्ष रखा। श्री श्रीवास ने कहा कि क्षेत्र के नागरिक लंबे समय से इन सुविधाओं की मांग कर रहे हैं और इनका शीघ्र समाधान आवश्यक है।

नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने ज्ञापन में शामिल जनहित से जुड़े विषयों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्यवाही करने तथा मांगों को स्वीकृत कराकर शीघ्र पूरा कराने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री पंडित महेश नारायण मिश्रा, किसान नेता पंडित जितेंद्र शर्मा ‘जीतू’, मंगल बाजपेई, राहुल गोरख, मुकेश अग्रवाल, कन्हैया दुबे, मोहन जायसवाल एवं रामेश्वर केसरी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।