बिलासपुर। खेल मैदान में मिलने वाली जीत और हार से कहीं अधिक महत्वपूर्ण उससे मिलने वाली सीख होती है। खेल व्यक्ति में अनुशासन, एकाग्रता, मेहनत और विपरीत परिस्थितियों का सामना करने का आत्मविश्वास पैदा करता है। यह बात बिलासपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित खिलाड़ी सम्मान समारोह में कही।

स्वर्गीय लखीराम स्मृति क्रिकेट आयोजन समिति एवं जिला ओलंपिक संघ के संयुक्त आयोजन में यश पैलेस में सम्मान समारोह रखा गया। कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल के साथ प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव भी शामिल हुए। समारोह के दौरान प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले करीब 500 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

समारोह में हॉकी, क्रिकेट, बैडमिंटन, रायफल शूटिंग, शतरंज, दिव्यांग तैराकी, पेंचक शिला मार्शल आर्ट, तीरंदाजी, कराते, तैराकी, बास्केटबॉल, हैंडबॉल, ताइक्वांडो, सॉफ्टबॉल और एथलेटिक्स समेत करीब 25 खेलों के खिलाड़ियों को सम्मान मिला। सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों में हॉकी के 44, क्रिकेट के 65, बैडमिंटन के 21, तैराकी के 29, कराते के 36, बास्केटबॉल के 30, हैंडबॉल के 32, ताइक्वांडो के 25 और एथलेटिक्स के 28 खिलाड़ी शामिल रहे।

खेल मैदान से मिलती है जीवन की सीख
अमर अग्रवाल ने कहा कि खेल को केवल जीतने या हारने तक सीमित करके नहीं देखा जाना चाहिए। मैदान पर हार खिलाड़ी को अपनी कमजोरियों का आकलन करने और अगली चुनौती के लिए खुद को और बेहतर तैयार करने का अवसर देती है। नियमित अभ्यास और अनुशासन के साथ खिलाड़ी मुश्किल परिस्थितियों में भी धैर्य बनाए रखना सीखता है।
उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को बचपन से ही खेलों से जोड़ना जरूरी है। खेल शारीरिक सक्रियता के साथ सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास को भी बढ़ावा देते हैं। जीवन में आने वाली कठिन परिस्थितियों का सामना करने और समाधान तलाशने की क्षमता भी खेलों के जरिए विकसित होती है।

अर्जुन के उदाहरण से समझाया एकाग्रता का महत्व
अमर अग्रवाल ने महाभारत में अर्जुन के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि लक्ष्य पर केंद्रित रहना और निरंतर अभ्यास सफलता की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य निर्धारित कर नियमित मेहनत करने का आह्वान किया।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भी सम्मानित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। बिलासपुर के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्तरों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर शहर और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि बिलासपुर में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे आयोजन आगे भी किए जाएंगे, ताकि स्थानीय खिलाड़ी प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी सहित आयोजन समिति, जिला ओलंपिक संघ के पदाधिकारी, कोच और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।
विज्ञापन एवं समाचार प्रकाशित करवाने हेतु संपर्क करें Prabhat Chhattisgarh ( Prabhat Sonchhatra
Prabhatsonchhatra@gmail.com
https://www.prabhatchhattisgarh.in


More Stories
बिलासपुर प्रेस क्लब का 41वां स्थापना दिवस धूमधाम से मना, पूर्व अध्यक्षों ने साझा की संघर्ष और इतिहास की यादें
बिलासपुर में ‘लीगल माइंड्स’ कोचिंग संस्थान का शुभारंभ, न्यायिक सेवा की तैयारी करने वाले युवाओं को मिलेगा मार्गदर्शन
खाना बनाने की बात पर हुआ विवाद, 21 वर्षीय लॉ छात्रा ने कीटनाशक का सेवन किया, मौत