October 22, 2026

सूने मकान का ताला तोड़कर ₹42 हजार का माल पार, मुख्य आरोपी समेत 4 गिरफ्तार सकरी पुलिस ने चोरी का सामान किया बरामद, नकदी, चांदी-कांसे के बर्तन, कंप्यूटर सेट और AC ले गए थे चोर

Share this

बिलासपुर- सकरी थाना क्षेत्र के सत्यानगर अमेरी में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। चोरों ने मकान का ताला तोड़कर ₹12 हजार नकद समेत चांदी-कांसे के बर्तन, कंप्यूटर सेट और 1.5 टन का वोल्टास AC चोरी कर लिया था। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित चोरी का सामान खरीदने वाले तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार सत्यानगर अमेरी निवासी अक्षय कुमार टाण्डे अपने परिवार के साथ तिफरा स्थित मकान में रहते हैं। अमेरी स्थित उनका पुराना मकान है, जहां वे समय-समय पर आते-जाते रहते हैं। 29 अगस्त 2026 की रात अक्षय कुमार अमेरी स्थित मकान में ताला लगाकर अपने परिवार के साथ तिफरा चले गए थे।


इसके बाद 16 सितंबर 2026 को जब वे वापस अमेरी स्थित मकान पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर जाकर जांच करने पर कमरों और अलमारी के ताले भी टूटे मिले। सामान बिखरा हुआ था। घर की तलाशी लेने पर पता चला कि अज्ञात चोरों ने मकान से ₹12,000 नकद, चांदी के चम्मच, कटोरी, गिलास और प्लेट सहित कांसे के बर्तन, कंप्यूटर सेट तथा 1.5 टन का वोल्टास AC चोरी कर लिया है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब ₹42 हजार है। घटना की सूचना मिलने के बाद सकरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
छत के रास्ते घर में घुसे थे चोर
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी छत के रास्ते मकान के अंदर दाखिल हुए थे। इसके बाद उन्होंने कमरों और अलमारी के ताले तोड़कर नकदी व अन्य सामान पर हाथ साफ किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ और संदिग्धों की जानकारी जुटाना शुरू किया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सकरी पुलिस की टीम ने मामले में संदिग्धों की तलाश तेज की। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से एक संदिग्ध के संबंध में पुख्ता सूचना मिली। सूचना के आधार पर सत्यानगर अमेरी निवासी अविनाश खांडे (24 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में चोरी की बात कबूली
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान अविनाश खांडे ने सूने मकान में चोरी करना स्वीकार किया। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए सामान को अलग-अलग लोगों को बेच दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही और प्राप्त जानकारी के आधार पर चोरी का सामान खरीदने वाले लोगों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सौरभ बंजारे (26 वर्ष), दीपेश गुप्ता (35 वर्ष) और रितेशधर शर्मा को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी गया सामान बरामद कर लिया है।
मुख्य आरोपी समेत चारों न्यायिक रिमांड पर
सकरी पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी अविनाश खांडे के साथ चोरी का सामान खरीदने के आरोप में सौरभ बंजारे, दीपेश गुप्ता और रितेशधर शर्मा को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
चोरी की इस घटना का खुलासा करने में थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश साहू, प्रधान आरक्षक रवि लहरे तथा आरक्षक मनोज बघेल, रुपेश कौशिक, सुनील सूर्यवंशी और पवन बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Editor in chief at  | +91 7415187590 | Website | + posts

विज्ञापन एवं समाचार प्रकाशित करवाने हेतु संपर्क करें Prabhat Chhattisgarh ( Prabhat Sonchhatra
Prabhatsonchhatra@gmail.com
https://www.prabhatchhattisgarh.in