बिलासपुर। कोटा वन विकास निगम क्षेत्र के ग्राम दवनपुर में शनिवार को बाघ के हमले की घटना से दहशत फैल गई। खेत में खाद छिड़कने गए 42 वर्षीय ग्रामीण संजू मरकाम पिता महादेव मरकाम पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण के चेहरे, हाथ और पैर में चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार संजू मरकाम खेत में खाद छिड़क रहा था। इसी दौरान खेत की मेड़ पर बैठे बाघ ने अचानक उस पर झपट्टा मार दिया। बाघ के हमले से ग्रामीण घायल हो गया, लेकिन उसने हिम्मत दिखाते हुए पास रखे लोहे के घमेला से बाघ का मुकाबला किया। ग्रामीण के प्रतिरोध के बाद बाघ पीछे हटकर जंगल की ओर भाग गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विकास निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायल संजू मरकाम को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया।
बाघ की तलाश में जुटी वन विभाग की टीम
घटना के बाद वन विकास निगम और वन विभाग की टीम ने दवनपुर तथा आसपास के क्षेत्रों में बाघ की तलाश शुरू कर दी है। बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निगरानी की जा रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और फिलहाल अकेले खेत अथवा जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी है। बाघ के आबादी के करीब पहुंचकर ग्रामीण पर हमला करने की घटना से दवनपुर और आसपास के गांवों में भय का माहौल बना हुआ है।
विज्ञापन एवं समाचार प्रकाशित करवाने हेतु संपर्क करें Prabhat Chhattisgarh ( Prabhat Sonchhatra
Prabhatsonchhatra@gmail.com
https://www.prabhatchhattisgarh.in


More Stories
बिलासपुर प्रेस क्लब का 41वां स्थापना दिवस धूमधाम से मना, पूर्व अध्यक्षों ने साझा की संघर्ष और इतिहास की यादें
बिलासपुर में ‘लीगल माइंड्स’ कोचिंग संस्थान का शुभारंभ, न्यायिक सेवा की तैयारी करने वाले युवाओं को मिलेगा मार्गदर्शन
खाना बनाने की बात पर हुआ विवाद, 21 वर्षीय लॉ छात्रा ने कीटनाशक का सेवन किया, मौत