October 22, 2026
Share this

प्रभात सोनछत्र –

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ (पंजीयन क्रमांक 6424) की मासिक बैठक जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में संघ के विस्तार, सदस्यता अभियान, लंबित मांगों तथा आगामी आंदोलन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर संघ के प्रदेश महामंत्री डॉ. सुनील कुमार यादव ने कहा कि कर्मचारियों की अनेक मांगें अभी भी शासन स्तर पर लंबित हैं। इन मांगों को पूरा कराने के लिए कर्मचारियों को चरणबद्ध आंदोलन की दिशा में आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही भोजनावकाश के दौरान मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की जाएगी।

डॉ. यादव ने कहा कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों का 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता लंबित है, जिसे शीघ्र जारी किया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि आगामी कैबिनेट बैठक में कर्मचारी हित में लंबित 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता जारी करने का प्रस्ताव पारित किया जाए।

उन्होंने कहा कि महंगाई भत्ते के साथ कर्मचारियों की अन्य लंबित मांगों पर भी सकारात्मक निर्णय लिया जाना चाहिए। इनमें कैशलेस स्वास्थ्य योजना, चार स्तरीय पदोन्नत वेतनमान, वेतन विसंगति दूर करना, अनुकंपा नियुक्ति में शिथिलीकरण समाप्त करना, संविलियन पूर्व दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को निशर्त अनुकंपा नियुक्ति तथा जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने जैसी मांगें शामिल हैं।

संघ ने शासन से आग्रह किया है कि आगामी कैबिनेट बैठक में कर्मचारियों की इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए प्रस्ताव पारित किया जाए। यदि शासन द्वारा शीघ्र निर्णय नहीं लिया जाता है, तो राज्यभर के शासकीय कर्मचारियों की मंशा के अनुरूप ज्ञापन सौंपकर मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की जाएगी। इसके बाद चरणबद्ध आंदोलन के लिए कर्मचारियों को लामबंद किया जाएगा।

बैठक में जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर पांडेय, सूर्या प्रकाश कश्यप, देवेंद्र ठाकुर, शीला शर्मा, रागिनी वॉल्टर, चंद्रकांत कश्यप, पंकज शुक्ला, संदीप त्रिपाठी, कौशल कौशिक, प्रवीण, प्रमोद भारद्वाज सहित तहसील शाखा के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी उपस्थित कर्मचारियों ने लंबित मांगों को पूरा कराने के लिए एकमत से समर्थन व्यक्त किया।

डॉ. सुनील कुमार यादव

प्रदेश महामंत्री

छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ

(पंजीयन क्रमांक 6424), छत्तीसगढ़

Editor in chief at  | +91 7415187590 | Website | + posts

विज्ञापन एवं समाचार प्रकाशित करवाने हेतु संपर्क करें Prabhat Chhattisgarh ( Prabhat Sonchhatra
Prabhatsonchhatra@gmail.com
https://www.prabhatchhattisgarh.in