August 23, 2026

मुंगेली: गलत दिशा में दौड़ी कार बनी मौत का कारण, महिला की मौत के मामले में चालक गिरफ्तार

Share this

बिलासपुर, मुंगेली जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र के ग्राम बरेला में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 1 अगस्त को हुई। शिक्षकनगर पंडरिया निवासी विश्वनाथ बसोर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। बताया गया कि किरण बसोर अपने साथी के साथ शादी समारोह का ऑर्डर पूरा कर मोटरसाइकिल से लौट रही थीं। ग्राम बरेला मेन रोड पर सड़क पर गाय होने के कारण उन्होंने अपनी एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल सड़क किनारे रोक दी।

इसी दौरान मुंगेली से बिलासपुर की ओर जा रही सफेद रंग की स्कोडा कार (सीजी 15 डीएन 3866), जिस पर “सीएमओ (यूएडी) सीजी गवर्नमेंट” अंकित था, तेज रफ्तार और कथित रूप से गलत दिशा में आकर मोटरसाइकिल से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि किरण बसोर और मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं एसडीओपी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में जरहागांव पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी चालक अमरेश सिंह (58) निवासी महेश्वर कॉलोनी, अंबिकापुर को गिरफ्तार कर लिया। दुर्घटना में प्रयुक्त स्कोडा कार भी जब्त कर ली गई है।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 110/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 125(ए) एवं 105 के अंतर्गत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं तथा लापरवाही से बचें, ताकि ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Editor in chief at  | +91 7415187590 | Website |  + posts

विज्ञापन एवं समाचार प्रकाशित करवाने हेतु संपर्क करें Prabhat Chhattisgarh ( Prabhat Sonchhatra
Prabhatsonchhatra@gmail.com
https://www.prabhatchhattisgarh.in

RECENT POSTS