August 23, 2026

जर्जर कम्पोजिट बिल्डिंग बनी परेशानी का कारण, कर्मचारियों ने सौंपा पांच सूत्रीय मांगपत्र

Share this

बिलासपुर, 29 जुलाई। शहर की पुरानी कम्पोजिट बिल्डिंग में कार्यरत विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बुधवार को भवन की जर्जर स्थिति, बारिश के दौरान उत्पन्न हो रही गंभीर समस्याओं और मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर कलेक्टर संजय अग्रवाल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को पांच सूत्रीय मांगपत्र सौंपते हुए जल्द समाधान की मांग की।

कर्मचारियों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण भवन की छत और दीवारों से पानी रिस रहा है। कई कार्यालयों में पानी भरने से सरकारी कामकाज प्रभावित हो रहा है और कर्मचारियों के साथ-साथ अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आने वाले आम नागरिकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में वर्ष 1959 में निर्मित इस पुराने भवन को ध्वस्त कर नए आधुनिक भवन के निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने, तत्काल आंशिक मरम्मत व रंगरोगन कराने, पुरुष एवं महिला शौचालयों का जीर्णोद्धार, नई विद्युत लाइन एवं ट्रांसफार्मर लगाने तथा कर्मचारियों और आगंतुकों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की गई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने तत्काल लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद सितंबर 2026 से भवन की मरम्मत और आवश्यक सुधार कार्य शुरू कराए जाएंगे।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में सुनील यादव, आर.के. गुप्ता, सूर्यप्रकाश कश्यप, राहुल यादव, देवेंद्र ठाकुर, किशोर शर्मा, जियाली राम सुरक्षित, एच.एन. पुरैना, डी.के. पाटिल, मनीष रात्रे, श्रीमती श्वेता दुबे, मीनू अग्रवाल, मुक्ति मेरी, ममता रायकर, शिवानी मुले, चंद्रेश, अवधेश कुमार तिवारी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Editor in chief at  | +91 7415187590 | Website |  + posts

विज्ञापन एवं समाचार प्रकाशित करवाने हेतु संपर्क करें Prabhat Chhattisgarh ( Prabhat Sonchhatra
Prabhatsonchhatra@gmail.com
https://www.prabhatchhattisgarh.in

RECENT POSTS