बिलासपुर– छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में ऑनलाइन दोस्ती की आड़ में ब्लैकमेलिंग और साइबर अपराध का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक युवती ने सोशल मीडिया पर खुद को लड़का बताकर दूसरी युवती से दोस्ती की। विश्वास जीतने के बाद उसने कथित तौर पर पीड़िता से अश्लील वीडियो हासिल कर लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर 10 लाख रुपए की मांग करने लगी। शिकायत मिलने पर तारबाहर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश के कटनी से आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, तारबाहर थाना क्षेत्र निवासी एक युवक ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी बहन की लंबे समय से मोबाइल के माध्यम से एक व्यक्ति से बातचीत हो रही थी। आरोपी ने अपनी पहचान लड़के के रूप में बताई थी, जिससे दोनों के बीच विश्वास कायम हो गया। इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने कथित तौर पर दबाव बनाते हुए पीड़िता से अश्लील वीडियो बनवाकर अपने पास मंगवा लिया।
इसके बाद आरोपी ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर 10 लाख रुपए की मांग शुरू कर दी। जब पीड़िता और उसके परिवार ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने वीडियो पीड़िता के भाई के व्हाट्सएप नंबर पर भेज दिया। वीडियो देखते ही युवक ने उसे तुरंत डिलीट कर दिया, लेकिन साक्ष्य के तौर पर स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि वीडियो भेजे जाने के समय युवक का पुराना मोबाइल फोन गुम हो गया था। बाद में उसी नंबर की सिम नए मोबाइल में लगाने पर व्हाट्सएप के माध्यम से भेजे गए वीडियो की जानकारी मिली। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर आरोपी युवती की पहचान कर उसे मध्य प्रदेश के कटनी से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने इस तरह की वारदात किसी अन्य व्यक्ति के साथ भी की है या नहीं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी अनजान व्यक्ति पर आंख मूंदकर भरोसा न करें और निजी फोटो या वीडियो साझा करने से बचें।
विज्ञापन एवं समाचार प्रकाशित करवाने हेतु संपर्क करें Prabhat Chhattisgarh ( Prabhat Sonchhatra
Prabhatsonchhatra@gmail.com
https://www.prabhatchhattisgarh.in



More Stories
पदोन्नति,पदस्थापना से लेकर अनुकंपा नियुक्ति और अटैचमेंट तक के मामलों में अभिलेखों की जांच की मांग; संयुक्त संचालक से व्यक्तिगत मुलाकात के बाद अंकित गौरहा ने सौंपा विस्तृत पत्र
पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज राम गोपाल गर्ग ने सक्ती जिले का किया प्रवास, पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं थाना डभरा का किया निरीक्षण
एसबीआई बैंक के पीछे जुए की महफिल पर पुलिस का छापा, सात जुआरी गिरफ्तार