बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगला इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के बाद पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करानी पड़ी। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर दो युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। 
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आदर्श चौक, मंगला निवासी हिमेश मांडले, जो पेशे से डेकोरेशन का कार्य करता है, ने सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में उसने बताया कि 25 जुलाई 2026 को दोपहर लगभग 1:30 बजे वह काम के सिलसिले में कुदुदंड स्थित हनुमान मंदिर के पास गया था। इसी दौरान उसकी मुलाकात क्षेत्र के रहने वाले दीपेश यादव और आयुष से हुई।
बातचीत के दौरान हिमेश ने दीपेश से एक दिन पहले हुई उस घटना का जिक्र किया, जिसमें आरोप है कि दीपेश तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए चाकू दिखाकर धमकी दे रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। कुछ देर बाद आरोपियों ने हिमेश को बातचीत करने के बहाने ज्वाय रेजिडेंसी के पीछे स्थित भट्ठा के पास बुलाया।
पीड़ित के अनुसार वहां पहुंचते ही दोनों आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इस दौरान आयुष ने पीछे से हिमेश को पकड़ लिया, जबकि दीपेश यादव ने चाकू निकालकर उसके दाहिने पैर के कुल्हे के नीचे वार कर दिया। हमले से उसकी जींस फट गई और पैर में गंभीर चोट लगने के कारण काफी खून बहने लगा।
घटना के दौरान हिमेश के दोस्त लक्की सूर्यवंशी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बीच-बचाव कर किसी तरह घायल युवक को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। आरोप है कि जाते-जाते दोनों आरोपी हिमेश को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद घायल युवक सीधे सिविल लाइन थाने पहुंचा, जहां उसने पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(1), 296, 3(5) एवं 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
सिविल लाइन पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, क्षेत्र में दिनदहाड़े हुए इस चाकूबाजी की घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
विज्ञापन एवं समाचार प्रकाशित करवाने हेतु संपर्क करें Prabhat Chhattisgarh ( Prabhat Sonchhatra
Prabhatsonchhatra@gmail.com
https://www.prabhatchhattisgarh.in



More Stories
पदोन्नति,पदस्थापना से लेकर अनुकंपा नियुक्ति और अटैचमेंट तक के मामलों में अभिलेखों की जांच की मांग; संयुक्त संचालक से व्यक्तिगत मुलाकात के बाद अंकित गौरहा ने सौंपा विस्तृत पत्र
पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज राम गोपाल गर्ग ने सक्ती जिले का किया प्रवास, पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं थाना डभरा का किया निरीक्षण
एसबीआई बैंक के पीछे जुए की महफिल पर पुलिस का छापा, सात जुआरी गिरफ्तार