बिलासपुर, शहर के जीडीसी कॉलेज परिसर में सक्षम नारी कल्याण सशक्तिकरण समिति की पहल पर मिलेट कैफे का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नगर की महापौर पूजा विधानी ने फीता काटकर कैफे का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने इस पहल को महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, स्वरोजगार और स्वस्थ समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

मुख्य अतिथि महापौर पूजा विधानी ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में मोटे अनाज (मिलेट्स) का महत्व लगातार बढ़ रहा है। मिलेट्स पोषण से भरपूर होते हैं और स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी माने जाते हैं। ऐसे में शहर में मिलेट कैफे की शुरुआत निश्चित रूप से लोगों को पौष्टिक एवं स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार भी मिलेट्स को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं और इस प्रकार की पहल से “स्वस्थ छत्तीसगढ़” का सपना साकार करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष हरीश केडिया, जीडीसी कॉलेज के प्राचार्य एस. आर. कमलेश, बिंदु कच्छवाहा तथा कैट अध्यक्ष हीरानंद जय सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने मिलेट कैफे का अवलोकन किया तथा यहां तैयार किए जाने वाले पौष्टिक व्यंजनों की सराहना की।
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मिलेट कैफे केवल पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण प्रयास है। इस कैफे के माध्यम से कई महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार का अवसर मिलेगा, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकेंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की प्रतिभा और मेहनत को उचित मंच प्रदान करना ही संस्था का मुख्य उद्देश्य है।
समिति के अनुसार, मिलेट कैफे में रागी, कोदो, कुटकी, ज्वार, बाजरा सहित विभिन्न प्रकार के मोटे अनाज से तैयार पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा आम नागरिकों को स्वस्थ भोजन का विकल्प मिलेगा और लोगों में मिलेट्स के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यदि समाज में इस प्रकार के नवाचार बढ़ते हैं तो महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ-साथ लोगों का स्वास्थ्य भी बेहतर होगा। उन्होंने संस्था को भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्य करते रहने के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर आयोजन समिति की अध्यक्ष प्रभा मूर्ति, सचिव रिंकु सिंह देव, उपाध्यक्ष एम. राजेश्वरी, कुमुद स्वर्णकार, उपसचिव कामिनी स्वर्णकार, कोषाध्यक्ष सुश्री मंजुला विश्वास, उपकोषाध्यक्ष जी. रुपल राव, मीडिया प्रभारी पूनम तावड़कर सहित समिति के सभी सदस्य एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
विज्ञापन एवं समाचार प्रकाशित करवाने हेतु संपर्क करें Prabhat Chhattisgarh ( Prabhat Sonchhatra
Prabhatsonchhatra@gmail.com
https://www.prabhatchhattisgarh.in



More Stories
राजपूत करणी सेना महिला इकाई ने मनाया सावन महोत्सव
पदोन्नति,पदस्थापना से लेकर अनुकंपा नियुक्ति और अटैचमेंट तक के मामलों में अभिलेखों की जांच की मांग; संयुक्त संचालक से व्यक्तिगत मुलाकात के बाद अंकित गौरहा ने सौंपा विस्तृत पत्र
पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज राम गोपाल गर्ग ने सक्ती जिले का किया प्रवास, पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं थाना डभरा का किया निरीक्षण