June 25, 2026

स्कूल जीवन का स्वर्णिम पल, इसका करें सदैव सदुपयोग” — त्रिलोक चंद्र श्रीवास

Share this

बिलासपुर। स्कूल का जीवन प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का सबसे स्वर्णिम और यादगार समय होता है। चाहे व्यक्ति जीवन में कितनी ही ऊँचाइयों तक क्यों न पहुँच जाए, उसके मन में स्कूल के दिनों में वापस लौटने की इच्छा सदैव बनी रहती है। यह विचार बिलासपुर जिले के लोकप्रिय कांग्रेस नेता त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मछखंडी स्थित अयूब खान उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के वार्षिक उत्सव कार्यक्रम के दौरान व्यक्त किए।

उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्कूल जीवन केवल शिक्षा प्राप्त करने का समय नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और व्यक्तित्व निर्माण की नींव रखने का सबसे महत्वपूर्ण अवसर होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपने इस स्वर्णिम समय का सदुपयोग करें, मेहनत और लगन से पढ़ाई करें तथा जीवन में नए-नए कीर्तिमान स्थापित कर अपने माता-पिता, गुरुजनों, विद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन करें।

कार्यक्रम के दौरान देश के ख्यातिप्राप्त कवि मीर अली मीर ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। वहीं विद्यालय के संचालक इदरीस खान, जनपद सदस्य विजय गुप्ता और ग्राम सरपंच इंदु सिंह ने भी अपने विचार रखे और विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीण जनों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के अंत में श्री त्रिलोक चंद्र श्रीवास सहित अन्य अतिथियों का शाल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया।

त्रिलोक चंद्र श्रीवास के आगमन पर क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों और शाला परिवार द्वारा आतिशबाजी, पुष्पहार एवं भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में ठाकुर पवन सिंह, चंद्रप्रकाश केसरवानी, लोक प्रकाश दिवाकर, शुभम श्रीवास, मोहन गुप्ता, दुबे जी, धृतलहरे जी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।